कुछ जाने पहचाने लोग

चेहरे बदल बदल के मिलते  कुछ जाने पहचाने लोग

टकरा  के  भी  कतरा जाते कुछ  जाने   पहचाने लोग

बेगानों  ने  गले  लगाया  साथ  निभाया हर एक पल

अपने  मतलब से मिलते हैं कुछ  जाने  पहचाने लोग  

मंजिल तक पहुंचाया जिसने हाथ मिला कर विदा हुए

गलत  पता  बतलाते हरदम कुछ जाने पहचाने लोग

सूना  आँगन  रोशन  करते  लोग  मिले  अनजाने में

घर  में आग लगाया करते कुछ जाने  पहचाने  लोग

ठोकर  खा  कर गिरते अक्सर दिया सहारा औरों  ने

खाई   रोज  खोदते  रहते  कुछ  जाने पहचाने लोग  

टूटे  मन   को  सहलाते  वो  जिनसे  न  कोई  नाता

दिल  को  रोज तोड़ते रहते कुछ जाने पहचाने  लोग …….  

 

नवीन राष्ट्र वंदना

रचो नए संदर्भ सम्यक, दृष्टि अब नवनीत है

रखो  सहेज  मूल्य  जो  गौरवमयी  अतीत है

संशय नहीं, सामर्थ्य है कुछ नया सा जोश है

हार की चिंता  नहीं  अब गूंजता जय घोष  है

लो  सुनो ये चाप  है  उदयीमान भविष्य का

प्रगति  का संकेत  है  ये, प्रछिप्त  दृश्य  का

अब नहीं स्वीकार हमको कोई आत्मवंचना

गायेगें समवेत स्वर में  नवीन  राष्ट्र  वंदना !